नारनाैल: अमेरिका के मिशिगन में गूंजा हरियाणवी संस्कृति का रंग
नारनाैल, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा एसोसिएशन ऑफ अमेरिका-मिशिगन की ओर से रविवार को अमेरिका के मिशिगन में हरियाणा दिवस और दिवाली मिलन समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति, परंपराओं, खानपान और आपसी भाईचारे की शानदार झलक देखने को मिली। समारोह में अमेरिका में रहने वाले हरियाणवी परिवारों के साथ भारतीय समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समारोह में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। प्रतिभागी पारंपरिक भारतीय और हरियाणवी वेशभूषा में पहुंचे। इस दौरान हरियाणा के पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विदेश में रह रहे हरियाणवी परिवारों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया गया। हरियाणा एसोसिएशन ऑफ अमेरिका-मिशिगन के अध्यक्ष एवं महेंद्रगढ़ जिले के माजरा कलां गांव निवासी रवि यादव ने कहा कि अमेरिका में हरियाणवी समुदाय को एकजुट रखना, अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना और सामुदायिक सेवा करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विदेश में रहने वाले परिवारों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं, बोर्ड अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन मिशिगन में हरियाणवी परिवारों को एक मंच पर लाने और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय के लोगों को आपस में जुड़ने का अवसर मिलता है। एसोसिएशन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

