नारनाैल महिला कॉलेज की छात्राओं का एमए इंग्लिश परिणाम में शानदार प्रदर्शन
विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में चार स्थान हासिल कर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
नारनाैल, 16 सितंबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर द्वारा घोषित एमए इंग्लिश चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में राजकीय महिला महाविद्यालय, नारनौल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। छात्राओं ने विश्वविद्यालय स्तर की टॉप-10 सूची में चार स्थान हासिल किए। छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय और छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी टॉपर सूची के अनुसार नेहा ने 9.38 एसजीपीए प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। पल्लवी ने 9.07 एसजीपीए के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पायल शर्मा ने 8.92 एसजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में तीसरा स्थान हासिल किया। अनुष्का जट्टू ने 8.54 एसजीपीए प्राप्त कर छठा स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय की एमए इंग्लिश की अधिकांश छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुई हैं।
बुधवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर हासिल की गई यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। इसमें शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अथक प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्राचार्य ने इस सफलता के लिए अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आरपी सिंह, डॉ. अजय थाकन तथा विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. नीलम यादव, डॉ. सुमन यादव, डॉ. पूनम यादव, डॉ. प्रीति यादव और डॉ. ज्योति यादव को विशेष बधाई दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

