home page

महेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री ने 135 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ

 | 
महेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री ने 135 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ


लाडो लक्ष्मी योजना में बढ़ी आय सीमा, अब 1.80 लाख तक आय वाली महिलाएं पात्र

नारनाैल, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को महेंद्रगढ़ के खेल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय विश्वकर्मा जयंती समारोह में पहुंचे। इससे पहले उन्होंने कैंची चौक पर महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की। सरकार के अनुसार अब एक लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाली पात्र महिलाओं को भी योजना में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं योजना का लाभ ले रही थीं। इससे करीब 10 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही थीं। आय सीमा बढ़ाए जाने के बाद करीब 17 लाख नई पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना की पहली पांच लाभार्थी महिलाओं के साथ फोटो भी खिंचवाई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से महेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए 135 करोड़ 82 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें दुलोठ अहीर से राजस्थान के सोहली बॉर्डर तक सड़क तथा सोहला ढांढोत में 15 करोड़ रुपये की लागत से वाटर बॉडी का निर्माण शामिल है। इसके अलावा अन्य गांवों में भी 15 करोड़ रुपये की लागत से वाटर बॉडी विकसित करने की घोषणा की गई।

उन्होंने जांगिड़ धर्मशाला महेंद्रगढ़ में छात्रावास निर्माण के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। नगर पालिका चेयरमैन शूर सैनी चौक के लिए भी 21 लाख रुपये की ग्रांट देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा समाज और श्रमिकों के योगदान का उल्लेख करते हुए विकास कार्यों को गति देने की बात कही। राज्य सरकार के अनुसार लाडो लक्ष्मी योजना के नए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण 17 सितंबर से शुरू किया जाना है और पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह यादव और पूर्व विधायक डॉ. अभय सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला