home page

नारनाैल: विधायक ने किया डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन

 | 
नारनाैल: विधायक ने किया डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन


नारनाैल, 05 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय सतनाली में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में गुरुवार को डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। विधायक कंवर सिंह यादव ने लाइब्रेरी का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को समर्पित किया। डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए 50 कंप्यूटर, मुफ्त वाई-फाई, इंटरनेट और ऑनलाइन जर्नल्स की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यार्थी ई-बुक्स, शोध पत्रों और अन्य डिजिटल शैक्षणिक सामग्री का लाभ उठा सकेंगे।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि डिजिटल संसाधन विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और शोध कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने की अपील की।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर की टॉप टेन मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। एमए इतिहास चतुर्थ सेमेस्टर में गरिमा ने प्रथम, किरण ने द्वितीय, कोमल ने सातवां और जन्नत ने आठवां स्थान प्राप्त किया। वहीं, एमए इतिहास द्वितीय सेमेस्टर में ललिता अग्रवाल ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल किया। इंटर-कॉलेज यूथ फेस्टिवल की क्विज प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं मुस्कान, पूजा और अन्नपूर्णा को भी सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मौके पर भागीरथ सिंह शेखावत, शक्तिपाल, रवि, ओमप्रकाश डागर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला