नारनौल में कार की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत
हादसे में तीन युवक घायल, विधायक ओमप्रकाश यादव ने रुकवाया काफिला
नारनाैल, 16 अगस्त (हि.स.)। नारनौल-महेंद्रगढ़ रोड पर शनिवार शाम गांव जोनावास मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में घायल 17 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया। किशोर की मौत के बाद गांव बैरावास में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम गांव बैरावास निवासी तीन युवक बाइक पर सवार होकर नारनौल से महेंद्रगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गांव जोनावास मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आए एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बताया गया कि हादसे के समय महेंद्रगढ़ में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह से लौट रहे नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव का काफिला भी वहां से गुजर रहा था। विधायक ने हादसा देखकर काफिला रुकवाया और घायलों की मदद की। उन्होंने एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। एक घायल को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल, जबकि दो घायलों को नारनौल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बैरावास निवासी 17 वर्षीय दीपेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

