home page

नारनौल में आआपा कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन, नाले की गैस से चाय बनाने का किया प्रतीकात्मक प्रयास

 | 
नारनौल में आआपा कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन, नाले की गैस से चाय बनाने का किया प्रतीकात्मक प्रयास


नारनाैल, 15 मार्च (हि.स.)। नारनौल में रविवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) के कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की कथित किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नई मंडी क्षेत्र में एक नाले के पास गैस बनाकर चाय तैयार करने का प्रतीकात्मक प्रयास किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला संगठन मंत्री गिरीश खेड़ा ने कहा कि देश में रसोई गैस की कमी से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे रेस्टोरेंट संचालकों, रेहड़ी और ढाबा चलाने वाले लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई लोगों को अपनी रोजी.रोटी चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गिरीश खेड़ा ने कहा कि अगर यही हालात रहे तो लोगों को फिर से पुराने समय की भट्टियों और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे पेड़ों की कटाई बढ़ेगी और पर्यावरण प्रदूषण की समस्या भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो देखा था, जिसमें बताया गया था कि गंदे नालों से भी गैस बनाई जा सकती है और उससे खाना पकाया जा सकता है। इसी दावे को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से नाले से गैस बनाकर चाय तैयार करने का प्रयास किया। हालांकि यह प्रयास सफल नहीं हो पाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के दावों से लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को देश में रसोई गैस की समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि आम जनता और छोटे कारोबारियों को राहत मिल सके। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन करते हुए सरकार से रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की।

इस मौके पर भूतपूर्व जिला महिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, भूतपूर्व उपाध्यक्ष जयसिंह सैनी, भूतपूर्व मीडिया प्रभारी अजीत सिंह गोद, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष भूतपूर्व फौजी करण सिंह यादव सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला