home page

नारनौल में संदिग्ध मौत पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, हत्या का केस दर्ज करने की मांग

 | 
नारनौल में संदिग्ध मौत पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, हत्या का केस दर्ज करने की मांग


एसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर सौंपा ज्ञापन

नारनाैल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव बनिहाड़ी निवासी युवक की संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने नारनौल स्थित लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन के अनुसार गांव बनिहाड़ी निवासी नितिन ने बताया कि उसका 35 वर्षीय बड़ा भाई अनिल 13 जून को रोजाना की तरह नांगल चौधरी स्थित अपनी वर्कशॉप जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों का आरोप है कि 14 जून को उन्हें सूचना मिली कि अनिल का शव एक डैम से बरामद हुआ है।

मौके पर पहुंचने पर मृतक के चेहरे पर गहरे चोट के निशान, सिर में चोट तथा दो दांत टूटे हुए मिले। 15 जून को नागरिक अस्पताल नारनौल में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चेहरे पर कई चोटों का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन शाम करीब सात बजे अनिल को डैम चौकीदार प्रशांत के साथ देखा गया था। इसके बाद चौकीदार ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और वह भी गायब हो गया। परिजनों का आरोप है कि अनिल की हत्या कर शव को डैम में फेंका गया ताकि मामला हादसा प्रतीत हो। उन्होंने बताया कि 19 जून को भी एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला