नारनौल में 10वीं की छात्रा ने परीक्षा में कम नंबर आने से खाया जहरीला पदार्थ, रास्ते में मौत
नारनाैल, 16 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने कम नंबर आने से आहत होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार सदमे में है।
पुलिस के अनुसार, गांव कोजिंदा निवासी 16 वर्षीय छात्रा शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ती थी। बुधवार शाम को सीबीएसई बोर्ड का 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। बताया जा रहा है कि छात्रा गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में फेल हो गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।
गुरुवार सुबह छात्रा ने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को जब इस बारे में पता चला तो वे तुरंत उसे उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन छात्रा को जयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर आए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव में थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और असफलता को जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक सीख के रूप में देखने की समझ विकसित करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

