home page

नारनौल में अवैध ढाबों व कटों पर सख्ती, दो हफ्ते में कार्रवाई के निर्देश

 | 
नारनौल में अवैध ढाबों व कटों पर सख्ती, दो हफ्ते में कार्रवाई के निर्देश


ओवरलोडिंग और स्कूल वाहनों की भी होगी सख्त जांच

नारनाैल, 04 मई (हि.स.)। नारनौल में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर आयोजित बैठक में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने 152-डी एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों को तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महावीर चौक से लहरोदा बाईपास तक बने अवैध कटों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन और अवैध कटों को बंद करने को लेकर पुलिस विभाग की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। इस दौरान सचिव आरटीए ने जानकारी दी कि अप्रैल माह में 274 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ 98 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन और सरकार का यह पहला दायित्व है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल बसों और कोचिंग वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। खासतौर पर जिन बसों में छात्राएं सफर करती हैं, उनमें महिला परिचालक की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाए। इसके अलावा बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यों की भी सराहना की गई। उपायुक्त ने बताया कि एक महीने के भीतर आठ हजार लोगों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण देना एक बड़ी उपलब्धि है, जो आपात स्थितियों में लोगों की मददगार साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला