home page

नारनाैल: नांगल चौधरी में बनेगा अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, 11.65 करोड़ मंजूर

 | 
नारनाैल: नांगल चौधरी में बनेगा अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, 11.65 करोड़ मंजूर


टेंडर जारी, ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का मिलेगा लाभ

नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सौगात देते हुए राज्य सरकार ने नांगल चौधरी में नए और अत्याधुनिक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

करीब 11 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को बताया कि सरकार ‘स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में नांगल चौधरी क्षेत्र के लिए आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के निर्माण से नांगल चौधरी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

वर्तमान में कई लोगों को बेहतर उपचार और जांच सुविधाओं के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। नए केंद्र के शुरू होने के बाद मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाना और लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। केंद्र में आधुनिक उपकरणों और आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विभिन्न बीमारियों का उपचार और जांच कार्य अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।

आरती सिंह राव ने विश्वास जताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का प्रयास है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कर जल्द से जल्द आमजन को इसका लाभ दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला