महेंद्रगढ़ में राज्य स्तरीय विश्वकर्मा दिवस समारोह में मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि : कंवर सिंह
17 सितंबर को होगा समारोह, विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों को लेकर की बैठक
नारनाैल, 08 सितंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में 17 सितंबर को राज्य स्तरीय विश्वकर्मा दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य रूप से शामिल होंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बाबा पूर्णमल गार्डन में विधायक कंवर सिंह यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा दिवस समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के कारीगरों, श्रमिकों और पारंपरिक कार्यों से जुड़े लोगों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ काम करना होगा। विधायक ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इस अवसर पर भाजपा की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विधायक ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, आर्थिक सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इससे पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को अपने कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

