home page

नारनाैल: खेलों से देश-दुनिया में पहचान बना रहा हरियाणा : कंवर सिंह

 | 
नारनाैल: खेलों से देश-दुनिया में पहचान बना रहा हरियाणा : कंवर सिंह


डालनवास में खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान

नारनाैल, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के डालनवास गांव में शनिवार को बाबा सांवत नाथ खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर रिबन काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने फूलमालाओं व पगड़ी पहनाकर विधायक का स्वागत किया।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। इससे शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ भाईचारे, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हरियाणा की पहचान देश-दुनिया में लगातार मजबूत हो रही है। प्रदेश ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर गांव, क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा दूध-दही और मजबूत युवाओं की धरती रही है। आज प्रदेश के युवा देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और अच्छे कार्यों में लगानी चाहिए। स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं।

विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें युवाओं की भूमिका अहम है। ग्राम पंचायत ने विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा। विधायक ने मांगों को प्राथमिकता से पूरा कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान विधायक ने 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ खेल ग्राउंड में होने वाले राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह में ग्रामीणों को अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला