home page

नारनौलः पुलिस अधीक्षक ने थानों का किया औचक निरीक्षण,लंबित केस निटाने के निर्देश

 | 
नारनौलः पुलिस अधीक्षक ने थानों का किया औचक निरीक्षण,लंबित केस निटाने के निर्देश


अपराध रिकॉर्ड, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की ली विस्तृत जानकारी

नारनाैल, 08 मई (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक ने शुक्रवार को थाना सतनाली और थाना सदर महेंद्रगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों के विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना सतनाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार तथा थाना सदर महेंद्रगढ़ के प्रभारी एसआई रमेश से थानों की कार्यप्रणाली, अपराध रिकॉर्ड, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मालखाना, रिकॉर्ड रूम, पुलिस मैस और थाना परिसर में साफ-सफाई, बिजली व पानी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधान अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी मामले की जांच अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर समय पर अदालत में चालान पेश किए जाएं, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध और आपराधिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा आमजन के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में पहुंचे फरियादियों से भी सीधे बातचीत की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर पूरी पारदर्शिता के साथ नियमानुसार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण देना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सतर्कता देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला