home page

नारनौल में मंगलामुखी किन्नर प्रधान आत्महत्या की जांच के लिए एसआईटी गठित

 | 

नारनौल, 23 अक्टूबर (हि.स.)।मंगलामुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी आत्महत्या मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी में डीएसपी मुख्यालय, सिटी थाना प्रभारी, सीआईए प्रभारी सहित पांच पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। मामले की जांच एएसपी महेंद्रगढ़ वीरेंद्र सिंह (एचपीएस) की निगरानी में की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने टीम को जांच की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गठित एसआईटी नारनौल सिटी थाने में दर्ज विनोद सैनी आत्महत्या मामले की एफआईआर की जांच करेगी। आदेश में टीम के सदस्यों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। साथ ही जांच की प्रगति पर नजर रखने के लिए संबंधित अधिकारी को नियमित रूप से रिपोर्ट भेजना अनिवार्य किया गया है। एसआईटी के गठन के बाद अब मामले की जांच निर्धारित अधिकारियों की निगरानी में आगे बढ़ेगी।

ज्ञात हो कि मंगलामुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी ने 21 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने तीन किन्नरों बुलबुल, महक और टीना पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा उसने 25 पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा था। बताया गया कि विनोद सैनी कुछ किन्नरों से परेशान था।

घटना के बाद मामला सामने आने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम गठित की है। एसआईटी वीडियो, सुसाइड नोट और एफआईआर में दर्ज तथ्यों के आधार पर मामले की जांच करेगी। हालांकि, वीडियो और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस अधीक्षक ने जांच की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला