नारनौलः बीपीएल बुजुर्गों को मिलेगी श्री सोमनाथ की मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर करेंगे धार्मिक यात्रा का शुभारंभ
नारनाैल, 30 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार बीपीएल परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने के लिए विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन करने जा रही है। इस योजना के तहत आठ जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से एक स्पेशल ट्रेन रवाना की जाएगी। मुख्यमंत्री इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इच्छुक श्रद्धालु छह जून तक सरल पोर्टल पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
शनिवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। यह सुविधा पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से तीर्थ यात्रियों के रहनेए खाने और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा से पहले मेडिकल जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
श्रद्धालुओं को अपनी मेडिकल हिस्ट्री साझा करनी होगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी स्थिति में उचित सहायता प्रदान की जा सके। इसके साथ ही अधिकृत एवं योग्य चिकित्सक द्वारा जारी मेडिकल प्रमाण पत्र भी आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
यह विशेष धार्मिक यात्रा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की धैर्यगाथा, अटूट आस्था’ कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है। विशेष ट्रेन कुरुक्षेत्र से रवाना होकर करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली होते हुए श्री सोमनाथ पहुंचेगी। प्रशासन ने पात्र बुजुर्गों से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे भगवान सोमनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

