home page

नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के 17 वैज्ञानिकों ने विश्व के शीर्ष दाे प्रतिशत में बनाई जगह

 | 
नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के 17 वैज्ञानिकों ने विश्व के शीर्ष दाे प्रतिशत में बनाई जगह


नारनाैल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) के 17 संकाय सदस्यों ने वर्ष 2026 के लिए स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर, अमेरिका की ओर से जारी विश्व के शीर्ष दाे प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने शुक्रवार को सभी चयनित संकाय सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वैज्ञानिकों के समर्पण, परिश्रम और शोध के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन शोधकर्ताओं की सफलता विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों और शोधार्थियों को भी उत्कृष्ट शोध कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने और विभिन्न शोध परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संस्थान में शोधपरक वातावरण को मजबूत बनाने और भविष्य की शोध पहलों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) ने भी इस उपलब्धि को संस्थान की बढ़ती शोध प्रतिष्ठा और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर की सूची में स्थान पाने वालों में प्रो. नीलम सांगवान, प्रो. पवन कुमार मौर्य, प्रो. फूल सिंह, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. बिजेंद्र सिंह, प्रो. आकाश सक्सेना, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. रूपेश देशमुख, प्रो. अनीता सिंह, डॉ. जितेंद्र सैनी, डॉ. मनीषा पांडेय, डॉ. अंशु, डॉ. हुमीरा सोनाह, डॉ. स्मिता एस. कुमार, डॉ. नितिन गोयल, डॉ. अरुण काजला और विश्वविद्यालय के पूर्व शोधार्थी मृणाल सामतिया शामिल हैं। इस अवसर पर सम कुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा और कुल सचिव प्रो. सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला