home page

नारनौलः सड़क हादसे में महिला की मौत

 | 

नारनाैल, 09 मार्च (हि.स.)। नारनौल में हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। यह हादसा सोमवार दोपहर शहर के महर्षि दयानंद सरस्वती चौक पुलिया के पास हुआ। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव धौलेड़ा निवासी पति-पत्नी मोटरसाइकिल पर सवार होकर नारनौल की ओर आ रहे थे। जब वे महर्षि दयानंद सरस्वती चौक पुलिया के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और बस के टायर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला