नारनौल:जेब पर भारी पड़ेगा हाईवे पर सफर,टोल बढ़ा
कार से ट्रक तक सभी प्रभावित, पांच टोल प्लाजा से बढ़ेगा भारी राजस्व
नारनाैल, 01 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे पर सफर अब महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए टोल दरों में संशोधन लागू कर दिया गया है, जो एक अप्रैल की रात 12 बजे से प्रभावी रहेगा। जिले के काठूवास, सिरोही बहाली, बुचावास, भालखी और जाट गुवानी टोल प्लाजा पर नई दरें लागू होने के साथ ही वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना शुरू हो गया है।
नई दरों के तहत कार चालकों को पांच से 10 रुपये तक अधिक भुगतान करना होगा, जबकि एलसीवी और भारी वाहनों पर 20 से 50 रुपये तक का अतिरिक्त भार बढ़ा है। इसका सीधा असर माल ढुलाई लागत पर पड़ेगा, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
एनएच-148बी स्थित सिरोही बहाली टोल पर कार का शुल्क 135 से बढ़ाकर 140 रुपये कर दिया गया है, जबकि एनएच-11 स्थित काठूवास टोल पर कार का शुल्क 120 रुपये तय किया गया है। हालांकि स्थानीय वाहन चालकों को कुछ राहत देते हुए 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए मासिक पास 350 रुपये और वार्षिक पास 3075 रुपये रखा गया है। एनएच-152डी के बुचावास, भालखी और जाट गुवानी टोल प्लाजा पर दूरी आधारित टोल प्रणाली लागू है, जहां अलग-अलग दूरी के हिसाब से नई दरें तय की गई हैं।
टोल बढ़ोतरी से राजस्व में भी बड़ा इजाफा होने की संभावना है। काठूवास टोल से प्रतिदिन लगभग 15 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं, जिससे सालाना सात से 14 करोड़ रुपये अतिरिक्त आय हो सकती है। सिरोही बहाली टोल पर रोजाना 20 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं, जिससे सालाना 10 से 20 करोड़ रुपये तक की वृद्धि संभव है। वहीं एनएच-152डी के तीनों टोल प्लाजा से रोजाना 50 से 60 हजार वाहन गुजरते हैं, जिससे सालाना 20 से 40 करोड़ रुपये तक अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हेमेंद्र सिंह के अनुसार टोल दरों में यह संशोधन हर वर्ष थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आधार पर किया जाता है और नई दरें लागू हो चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

