नारनौल में मुख्यमंत्री ने धावकों संग दौड़कर दिया नशामुक्ति, फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का भी किया आगाज
नारनौल, 09 अगस्त (हि.स.)। नारनौल में रविवार को आयोजित राज्यस्तरीय हाफ मैराथन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वह स्वयं धावकों के बीच पहुंचे और उनके साथ नांग तिहाड़ी मोड़ तक दौड़ लगाई। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया।
मैराथन को राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने नारनौल की धरती से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का आगाज किया। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। रविवार को नारनौल की सड़कें केवल मैराथन का ट्रैक नहीं रहीं, बल्कि नशामुक्ति, युवा शक्ति, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति के संदेश का मंच बन गईं।
राज्यस्तरीय मैराथन के लिए 67 हजार आठ सौ 56 लोगों ने पंजीकरण कराया था। सुबह से ही शहर के विभिन्न मार्गों पर प्रतिभागियों का पहुंचना शुरू हो गया। युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी पूरे उत्साह के साथ दौड़ में शामिल हुए। बड़ी संख्या में प्रतिभागी परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे। कई धावकों के हाथों में तिरंगा नजर आया, जबकि कुछ प्रतिभागी नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश देने वाले पोस्टर लेकर दौड़े।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के स्वयं धावकों के साथ दौड़ने से प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। शहर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

