home page

नारनाैल में कटरा-हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन की मांग, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन

 | 
नारनाैल में कटरा-हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन की मांग, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन


कटरा व हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन

पिक एंड ड्रॉप जोन और बांद्रा-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का दैनिक संचालन शुरू करने की उठाई मांग

नारनाैल, 23 जुलाई (हि.स.)। नारनौल में राष्ट्रीय सैनी सभा हरियाणा (जिला महेंद्रगढ़) और दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर गुरुवार को स्टेशन अधीक्षक महावीर प्रसाद के माध्यम से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में माता वैष्णो देवी कटरा और हरिद्वार के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने, नारनौल रेलवे स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा विकसित करने तथा बांद्रा-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस का दैनिक संचालन शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

राष्ट्रीय सैनी सभा के प्रदेश सचिव डॉ. राजेंद्र कुमार ने कहा कि नारनौल रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन स्टेशन परिसर में यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्थित पिक एंड ड्रॉप जोन उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप सर्कुलेटिंग एरिया में कम से कम 10 वाहनों के लिए पिक एंड ड्रॉप जोन विकसित करने तथा यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच लगाने की मांग की।

जिला अध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि अहमदाबाद-अजमेर-रिंगस-नारनौल-रेवाड़ी रेल मार्ग पर माता वैष्णो देवी कटरा और जम्मू के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं चलती। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। उन्होंने इस मार्ग पर नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग की।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि बांद्रा-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होती है। यदि इसका दैनिक संचालन शुरू किया जाए तो दक्षिण हरियाणा के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे मंत्रालय जनहित की इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला