home page

नारनाैल: प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े के आरोप में जेई से वापस क्लर्क बनी भाजपा नेता की बेटी

 | 

वेतन-भत्तों की वसूली के भी दिये निर्देश

नारनाैल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के पद पर कार्यरत भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव की बेटी पिंकी यादव की पदोन्नति रद्द कर उन्हें वापस क्लर्क पद पर भेजने के आदेश जारी किए गए हैं। हरियाणा के इंजीनियर-इन-चीफ की ओर से जारी कार्यालय आदेश में यह कार्रवाई की गई है। उनकी पदोन्नति 10 सितंबर 2025 से प्रभावी थी।

विभागीय आदेश के अनुसार, पिंकी यादव की पदोन्नति के लिए प्रस्तुत अरनी विश्वविद्यालय से प्राप्त सिविल इंजीनियरिंग के डिप्लोमा को गैर-प्रामाणिक पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके आधार पर विभाग ने उनकी पदोन्नति वापस लेने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के बाद उन्हें कनिष्ठ अभियंता के पद से हटाकर पुनः क्लर्क पद पर भेजा जाएगा।

पदोन्नति रद्द करने के साथ ही विभाग ने पदोन्नति के आधार पर मिले अतिरिक्त वेतन, भत्तों और अन्य आर्थिक लाभों का भी हिसाब लगाने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि इन लाभों की गणना करने के बाद नियमानुसार वसूली या समायोजन की कार्रवाई की जाए। इससे पदोन्नति के बाद प्राप्त आर्थिक लाभ भी विभागीय कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं।

इस मामले में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव ने मंगलवार काे अपनी बेटी का पक्ष रखते हुए कहा कि उनका सर्टिफिकेट बिल्कुल सही हैं। पदोन्नति रद्द करने का निर्णय जल्दबाजी में लिया गया है। उन्होंने मामले की जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि प्रमाणपत्र की वास्तविकता की जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग के आदेश के बाद यह मामला चर्चा में है। अब प्रमाणपत्र की प्रामाणिकता और पदोन्नति से जुड़े तथ्यों को लेकर आगे की जांच पर नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला