नारनौल: बुजुर्गों का सम्मान मानवाधिकार आयोग की प्राथमिकताः जस्टिस ललित बत्रा
बुजुर्गों से रूबरू हुए जस्टिस ललित बत्रा, सुविधाओं का लिया फीडबैक
नारनाैल, 25 नवंबर (हि.स.)। नारनौल के नसीबपुर स्थित सेवा सीनियर सिटीजन होम का बुधवार को हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और देखभाल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जस्टिस ललित बत्रा ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना मानवाधिकार आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। बुजुर्गों की जरूरतों और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। ऐसे निरीक्षणों से संस्थानों की जवाबदेही बढ़ती है और वहां रह रहे बुजुर्गों को यह भरोसा मिलता है कि उनकी समस्याओं और सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बुजुर्गों ने अपनी जरूरतों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में भी जानकारी दी। चिकित्सा सुविधाओं को लेकर जस्टिस बत्रा ने नारनौल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पर सिविल सर्जन ने बुजुर्गों को जरूरत के अनुसार चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा जस्टिस बत्रा ने एसडीएम नारनौल गुरविंदर को भी वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने नियमों के अनुसार बुजुर्गों को जरूरी वैधानिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा, ताकि किसी भी बुजुर्ग को सुविधाओं के अभाव में परेशानी न हो। जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से बुजुर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

