महेंद्रगढ़ से कुरुक्षेत्र जा रहे गेस्ट टीचरों को पुलिस ने हिरासत में लिया
नारनाैल, 15 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने रविवार को कुरुक्षेत्र जा रहे गेस्ट टीचर्स और सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों को पुलिस ने सीगड़ी बस स्टैंड के पास रोक लिया। पुलिस ने बस में सवार सभी शिक्षकों को नीचे उतारकर बस को कब्जे में ले लिया और थाने ले गई। पूछताछ के बाद बस को छोड़ दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज कर्मचारियों ने मौके पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान कौशल ने बताया कि गेस्ट टीचर्स की बस नांगल चौधरी से नारनौल, महेंद्रगढ़ सहित अन्य स्थानों से होते हुए कुरुक्षेत्र जा रही थी। इसी दौरान सीगड़ी बस स्टैंड के पास पुलिस ने बस को रुकवा लिया और उसमें सवार सभी शिक्षकों को नीचे उतार दिया। इसके बाद बस को थाने ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ शिक्षक निजी वाहनों से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए, जबकि कुछ 152-डी के रास्ते बसों में सवार होकर आगे बढ़े। वहीं, कुछ कर्मचारी मौके पर ही रुककर प्रदर्शन करते रहे।
गेस्ट टीचर्स ने कहा कि वे पिछले 21 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें नियमित नहीं किया गया है। शिक्षकों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट से उनके पक्ष में फैसले आने के बावजूद प्रदेश सरकार ने इसके विपरीत स्पीकिंग ऑर्डर जारी कर दिया। इसके चलते उन्हें दोबारा अदालतों का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 21 साल सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने में लगाए हैं। सरकार को मानवीय आधार पर नीति बनाकर उन्हें नियमित करना चाहिए, ताकि उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके। सर्व कर्मचारी संघ ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

