home page

नारनौल: मुठभेड़ के बाद फरार हत्याराेपी व दाे साथी गिरफ्तार

 | 

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे आरोपी, दो साथी भी अवैध हथियारों सहित पकड़े गए

नारनाैल, 14 मई (हि.स.)। नारनौल में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी संजय निवासी कालबा को पुलिस ने कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी अवैध हथियारों सहित काबू कर लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार काे बताया कि सीआईए नारनौल को गुप्त सूचना मिली थी कि नांगल चौधरी क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में फरार आरोपी संजय अपने साथियों गोपालपुरा (राजस्थान) निवासी घनश्याम और अकबरपुर निवासी आदित्य के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए इंचार्ज ने तुरंत दो विशेष टीमों का गठन कर रेवाड़ी रोड से नांगल चौधरी जाने वाले मार्ग और पुल के नीचे नाकाबंदी कर दी। देर रात एक तेज रफ्तार कार नाके की ओर आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी रोकने की बजाय पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो रास्ता बंद होने पर आरोपी गाड़ी छोड़कर बाहर निकल आए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार पहले आरोपियों को चेतावनी दी गई और हवाई फायर भी किए गए, लेकिन आरोपी लगातार गोलीबारी करते हुए भागने लगे। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संजय के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी संजय के पास से मैगजीन सहित एक पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं अन्य आरोपियों और उनकी गाड़ी से एक डोगा तथा अतिरिक्त कारतूस मिले हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में 13 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला