नारनौल में पिस्टल के बल पर पेट्रोल पंप पर लूट
नारनाैल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के दनचोली गांव में शनिवार रात एक बदमाश ने पिस्तौल तान कर पेट्रोल पंप से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। पूरी वारदात पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पंप संचालक रतनलाल ने बताया कि गांव दनचोली व धानोता सीमा पर स्थित छिल्लर किसान सेवा केंद्र पर बीती रात एक युवक पैदल पहुंचा। उस समय सेल्समैन लालचंद बाहर मौजूद था। युवक पहले सीधे आफिस के अंदर गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला तो बाहर आ गया। इसके बाद उसने लालचंद पर पिस्तौल तान दी और उसे आफिस के अंदर जाने के लिए कहा। जब लालचंद ने मना किया तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया।
मोबाइल लेने के बाद बदमाश दोबारा आफिस में गया और फिर सेल्समैन को जबरदस्ती अंदर ले जाकर करीब 40 से 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मोबाइल लेकर फरार हो गया। लालचंद ने किसी तरह मालिक के बेटे राहुल को सूचना दी, जिसने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और लालचंद के मोबाइल पर कॉल की। फोन ऑन मिलने पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पंप के पीछे पहाड़ियों के पास मोबाइल पड़ा मिला, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

