home page

नारनौलः भगवान परशुराम ने समाज को ‘शास्त्र और शौर्य’ के संस्कार दिएः गौरव गौतम

 | 
नारनौलः भगवान परशुराम ने समाज को ‘शास्त्र और शौर्य’ के संस्कार दिएः गौरव गौतम


परशुराम जन्मोत्सव पर समाज में एकता और संस्कारों पर जोर

36 बिरादरी की एकजुटता बनी मिसाल

नारनाैल, 18 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में शनिवार को गौड़ ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान परशुराम के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए सामाजिक एकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम ने समाज को शास्त्र और शौर्य के जो संस्कार दिए हैं, वे आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि इन आदर्शों को अपनाकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर खुशी जताई कि कार्यक्रम में 36 बिरादरी के लोग एकजुट होकर शामिल हुए, जो सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गौ माता में 84 करोड़ देवी.देवताओं का वास माना जाता है, उसी प्रकार ब्रह्म समाज में भी सभी बिरादरियों का समावेश है, इसलिए समाज को सभी वर्गों के हित में कार्य करना चाहिए।

खेलों के विषय में बोलते हुए गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, समय पर प्रोत्साहन राशि और उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में मिशन ओलंपिक 2036 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे। इस मौके पर ओमप्रकाश यादव, गौड़ ब्राह्मण सभा के प्रधान राकेश कुमार महता और भाजपा जिला प्रधान यतेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला