home page

नारनौल में बिना पीयूसीसी और हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल

 | 
नारनौल में बिना पीयूसीसी और हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल


नारनाैल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती की तैयारी की है। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि जिले के पेट्रोल पंपों पर बिना पीयूसीसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) के वाहनों को पेट्रोल-डीजल न दिया जाए। इसी तरह बिना हेलमेट आने वाले दाेपहिया वाहन चालकों को भी ईंधन नहीं देने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने पुलिस और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पेट्रोल पंपों पर इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग को प्रदूषण जांच केंद्रों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों के पास वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र होने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। पुलिस के अनुसार, सितंबर और अक्तूबर में हेलमेट नहीं पहनने पर क्रमशः 2451 और 1551 चालान किए गए। वहीं, ओवरस्पीड के मामलों में सितंबर में 844 और अक्तूबर में 338 चालान हुए। शराब पीकर वाहन चलाने के 14 और 10 मामले सामने आए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को रेड लाइट जंप और ओवरस्पीड के मामलों में अधिक चालान करने तथा ओवरलोड वाहनों की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी जरूरी है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने स्कूल बसों की जांच लगातार जारी रखने को कहा। बैठक में सचिव आरटीए मनोज कुमार, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, एसडीएम नारनौल गुरविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला