नारनौलः विधायक ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास
दो करोड़ 32 लाख की लागत से तैयार होगी साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क
नारनाैल, 10 मई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने रविवार को गांव झूक से पाथेड़ा तक बनने वाली नई सड़क का शिलान्यास किया। इस सड़क का निर्माण करीब दो करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
मार्केटिंग बोर्ड महेंद्रगढ़ द्वारा बनाई जाने वाली यह सड़क लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी और 12 फुट चौड़ी होगी। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को लगभग तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह सड़क किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।
झूक से पाथेड़ा सड़क बनने के बाद आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी और लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, पेयजल, बिजली और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कंवर सिंह यादव ने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। सड़क बनने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

