home page

नारनौल में विपुल गोयल और रेवाड़ी में राव नरबीर करेंगे मासिक बैठकों की अध्यक्षता

 | 
नारनौल में विपुल गोयल और रेवाड़ी में राव नरबीर करेंगे मासिक बैठकों की अध्यक्षता


नारनाैल, 15 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठकों को लेकर नई जिम्मेदारियां तय करते हुए विभिन्न जिलों के लिए मंत्रियों और राज्य मंत्रियों की नियुक्तियां की हैं। सरकार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार अब जिला महेंद्रगढ़ और जिला रेवाड़ी में शिकायत निवारण समिति की बैठकों की अध्यक्षता नए मंत्री करेंगे।

हरियाणा सरकार के शिकायत विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के मुताबिक राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल को जिला महेंद्रगढ़ (नारनौल) की जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठकों की अध्यक्षता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह अब जिला रेवाड़ी में आयोजित होने वाली समिति की बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।

सरकार द्वारा जारी इस आदेश के बाद दोनों जिलों में प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठकें आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इन बैठकों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं और जनता की शिकायतों पर सुनवाई की जाती है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक कार्यों में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत संबंधित मंत्री अब सीधे तौर पर जिलों में शिकायतों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। प्रदेश सरकार की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भी नई व्यवस्था के अनुसार आगामी बैठकों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इससे जिलों में लंबित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिलेगी और लोगों को राहत मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला