नारनौल में नीट-यूजी परीक्षार्थियों की सुविधा को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
सुरक्षा, ट्रैफिक, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था के आदेश, एंबुलेंस व छाया की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर
नारनाैल, 24 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिला स्तर पर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नीट-यूजी परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दिन सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार से दुरुस्त की जाए कि परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक समय पर और सहजता से पहुंच सकें। यह निर्देश उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा तीन मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक के बाद दिए।
उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों के लिए छाया की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें धूप में खड़ा न रहना पड़े। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक, एडीसी तरुण कुमार पावरिया, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

