home page

नारनौल की सरिता जांगिड़ बनी भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री

 | 
नारनौल की सरिता जांगिड़ बनी भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री


नारनाैल, 22 नवंबर (हि.स.)। नारनौल निवासी सरिता जांगिड़ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय की ओर से 21 नवंबर को जारी नियुक्ति पत्र में इसकी घोषणा की गई।

यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आदेशानुसार की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सरिता जांगिड़ की नियुक्ति से हरियाणा को राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।

भाजपा की ओर से जारी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राष्ट्रीय मंत्री के पद पर अलग-अलग राज्यों से सात नेताओं की नियुक्ति की गई है। इनमें हरियाणा से सरिता जांगिड़ को शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर सरिता जांगिड़ ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगी।

सरिता जांगिड़ ने हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि रणबीर गंगवा भी मोस्ट बैकवर्ड वर्ग से आते हैं। उनके जैसे मेहनती कार्यकर्ताओं से प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी के तहत वह ओबीसी वर्ग के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी। साथ ही भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला