home page

नारनौलः नीट में एक मिनट की देरी भी पड़ेगी भारी, 1ः30 बजे बंद होंगे गेट

 | 
नारनौलः नीट में एक मिनट की देरी भी पड़ेगी भारी, 1ः30 बजे बंद होंगे गेट


प्रशासन का अलर्ट, पारदर्शी परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम, समय से पहले पहुंचने की अभ्यर्थियों को सलाह

नारनाैल, 13 जून (हि.स.)। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए इस बार समय की पाबंदी सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकती है। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में दोपहर 1ः30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा, चाहे देरी का कारण कुछ भी हो। जिला प्रशासन ने इसे लेकर विशेष सतर्कता बरतने और अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी है।

महेंद्रगढ़ की उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शनिवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अभी से अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें ताकि परीक्षा का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से हो सके।

प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा, लेकिन दोपहर 1ः30 बजे के बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में अंतिम समय तक पहुंचने की सोच रखने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन का मानना है कि ट्रैफिक, दूरी या अन्य कारणों से होने वाली देरी को देखते हुए अभ्यर्थियों को कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना चाहिए।

इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था भी विशेष रूप से मजबूत की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारु रखने तथा बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नीट परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5ः15 बजे तक आयोजित होगी। जिला प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष वातावरण मिले और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया, एसडीएम अनिरुद्ध यादव, एसडीएम योगेश सैनी, जिला समन्वयक ओपी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला