home page

नारनाैल की बेटी आयशा का नासा के शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन

 | 
नारनाैल की बेटी आयशा का नासा के शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन


गणित ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद मिला अमेरिका जाने का अवसर

नारनाैल, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव भाखंरी निवासी छात्रा आयशा का चयन अमेरिका स्थित अंतरिक्ष एजेंसी नासा के शैक्षणिक भ्रमण के लिए हुआ है। अगले माह आयशा अमेरिका जाकर नासा का भ्रमण करेगी। कम उम्र में नासा का शैक्षणिक दौरा करने वाली क्षेत्र की पहली छात्रा मानी जा रही आयशा की उपलब्धि से गांव, स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।

आयशा गांव गोद बलाहा स्थित कर्मभूमि विंग स्कूल में कक्षा छठी की छात्रा है। मंगलवार को उसने बताया कि कक्षा पांचवीं में उसने मिटस्योर मैथमैटिक्स ओलंपियाड में हिस्सा लिया था। स्कूल स्तर की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद उसने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के बाद उसे जयपुर में आयोजित इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। तीन सदस्यीय ज्यूरी ने उससे विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे। आयशा ने लगभग सभी सवालों के सही जवाब दिए।

इसी प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन नासा के शैक्षणिक भ्रमण के लिए किया गया। फिलहाल उसका पासपोर्ट बनने की प्रक्रिया चल रही है और अगले माह वह अमेरिका रवाना होगी। आयशा के पिता राजकुमार भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में परिवार ने प्रतियोगिता को सामान्य परीक्षा समझा था, लेकिन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता मिलने के बाद उन्हें बेटी की प्रतिभा का अहसास हुआ। मां स्नेहलता ने बताया कि आयशा शुरू से ही पढ़ाई के प्रति मेहनती रही है।

विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीना यादव ने कहा कि आयशा मेधावी छात्रा है और गणित में उसकी विशेष रुचि है। नासा भ्रमण से उसे विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन ने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला