नारनाैल में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नारनाैल, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव बायल में सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय रूडमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुरेश घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। निजामपुर थाना प्रभारी पवन कुमार के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान निवासी रूडमल अपने साथी सुरेश के साथ बाइक पर सवार होकर गांव बायल की ओर आ रहा था। इसी दौरान राजस्थान की तरफ जा रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे में रूडमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सुरेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक जाम खोलने को तैयार नहीं हुए।
इसके बाद निजामपुर थाना प्रभारी पवन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को ट्रक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और सड़क पर यातायात सामान्य हो गया। पुलिस हादसे के संबंध में आगामी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

