home page

नारनाैल: भााजपा ने याेग्यता के आधार पर नौकरियां देकर युवाओं का भरोसा जीता: ओम प्रकाश

 | 
नारनाैल: भााजपा ने याेग्यता के आधार पर नौकरियां देकर युवाओं का भरोसा जीता: ओम प्रकाश


नारनाैल, 07 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास फिर से मजबूत हुआ है। सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था अपनाते हुए बिना खर्ची और बिना पर्ची केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया है। यह बात विधायक ओम प्रकाश यादव ने शुक्रवार को मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्हें खेलों से जोड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से प्रभावी खेल नीति लागू की गई है। इसी नीति का परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

विधायक ने बताया कि युवाओं में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से नाै अगस्त को राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी कार्यक्रम के साथ राज्य स्तरीय हर घर तिरंगा अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा, ताकि युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।

ओम प्रकाश यादव ने जिले के नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी राजनीतिक दल या सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से आयोजित होने वाला जन अभियान है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर नशामुक्त हरियाणा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दें। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला