home page

नारनौल: सरकार करे स्वर्ण आयोग का गठन: पवन शुक्ला

 | 
नारनौल: सरकार करे स्वर्ण आयोग का गठन: पवन शुक्ला


नारनाैल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। यूजीसी के नियमों को वापस लेने और स्वर्ण आयोग का गठन करने की मांग को लेकर गुरुवार को सवर्ण समाज एकता मंच के तत्वावधान में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में श्री चौरासिया ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शुक्ला, जिला अध्यक्ष अनिल बवानिया एडवोकेट व गौड़ ब्राह्मण सभा के प्रधान राकेश मेंहता एडवोकेट सहित विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नियमों को वापस लेने, एससी-एसटी कानून को रद्द करने और स्वर्ण आयोग का गठन करने की मांग उठाई। इसके बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। पवन शुक्ला ने कहा कि सरकार को यूजीसी के नियमों पर पुनर्विचार कर इन्हें वापस लेना चाहिए। साथ ही स्वर्ण समाज की समस्याओं के समाधान के लिए स्वर्ण आयोग का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े नियम ऐसे होने चाहिए, जिनसे किसी भी वर्ग के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार यूजीसी के नियमों को वापस लेने के साथ एससी-एसटी कानून पर भी पुनर्विचार करे। प्रदर्शनकारी शहर की गौड़ ब्राह्मण सभा में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने प्रदर्शन शुरू किया, जो शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। इस मौके पर देवीलाल शर्मा, कृष्ण कुमार सैनी मंत्री, कैप्टन ऋषि प्रकाश अत्री, सुरेंद्र चौधरी, खेमचंद शर्मा, गोविंद शर्मा एडवोकेट, कृष्ण कुमार शर्मा एडवोकेट, महेंद्र कौशिक, हेमंत शर्मा एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला