home page

नारनौलः शहीदी दिवस पर आईटीआई में कार्यक्रम आयोजित, छात्रों ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

 | 
नारनौलः शहीदी दिवस पर आईटीआई में कार्यक्रम आयोजित, छात्रों ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि


नारनाैल, 23 मार्च (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शहीदी दिवस के अवसर पर एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्रधानाचार्य विनोद कुमार खनगवाल ने सोमवार को दीप प्रज्वलित कर और शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित करके की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शहीदों के त्याग और बलिदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 23 मार्च 1931 का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है, जब देश के तीन वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए थे। उनका यह बलिदान हमें देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न संस्थानों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, कविताएं और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने शहीदों के जीवन और उनके संघर्ष को जीवंत कर दिया। इस मौके पर निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने शहीदों के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला