नारनौलः गांव मंडलाना में शहीद की प्रतिमा का अनावरण
मंडलाना शहीदों की नर्सरी, बलिदान से बड़ा कोई धर्म नहीं
नारनाैल, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव मंडलाना में शनिवार को देशभक्ति और गौरव का भावुक माहौल देखने को मिला, जब शहीद ओमप्रकाश यादव की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और शहीद को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ अभय सिंह यादव ने कहा कि मंडलाना गांव वास्तव में शहीदों की नर्सरी है, जहां देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की परंपरा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में पहले से ही तीन शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देना सबसे बड़ा बलिदान है और ऐसे वीर सपूतों के कारण ही हम सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। शहीद ओमप्रकाश यादव का स्मरण करते हुए उन्होंने बताया कि वे वर्ष 1980 में देश सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे और 18 अप्रैल को उन्हें शहीद का दर्जा मिला था।
नई पीढ़ी के सामने देशभक्ति का प्रस्तुत किया अद्भुत उदाहरण
विशेष बात यह रही कि शहीद के पुत्र ने करीब 46 वर्षों बाद अपने पिता की प्रतिमा स्थापित कर नई पीढ़ी के सामने देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस पहल की सभी ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर मोहन सिंह शेखावत और टीसी राव सहित शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के सदस्य, ग्रामीण और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

