नारनौल में मोसनुता के पास मिला तेंदुए का शव
तीन चिकित्सकों की टीम करेगी पोस्टमार्टम
नारनाैल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव मोसनुता के पास एक तेंदुए की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत तेंदुए की उम्र करीब तीन से चार वर्ष बताई जा रही है।
वन विभाग के डीएफओ विजेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और वन्यजीवों की सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। डीएफओ के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के निर्देशानुसार वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। डीएफओ विजेंद्र कुमार ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिससे लोग वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक हो सकें। वन विभाग ने क्षेत्र में अपनी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया हैए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

