home page

नारनाैल: जोहड़ में मिला पूर्व सरपंच का शव

 | 
नारनाैल: जोहड़ में मिला पूर्व सरपंच का शव


ग्रामीणों ने स्थाई सुरक्षा इंतजामों की उठाई मांग

नारनाैल, 03 सितंबर (हि.स.)। नांगल चौधरी कस्बे के अकड़ बम जोहड़ में गुरुवार सुबह पूर्व सरपंच मालाराम चौधरी का शव पानी में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह स्थानीय लोगों ने जोहड़ में शव तैरता देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पूर्व सरपंच मालाराम चौधरी के निधन की खबर से उनके परिचितों, समर्थकों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद अकड़ बम जोहड़ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जोहड़ के चारों ओर मजबूत रेलिंग, तारबंदी और चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 दिन पहले भी एक व्यक्ति जोहड़ में गिर गया था, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। करीब पांच माह पहले भी एक अन्य व्यक्ति को ग्रामीणों ने तैरकर बचाया था।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी है। नागरिकों ने जोहड़ के चारों ओर रेलिंग, तारबंदी, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला