home page

नारनाैल में बंद मकान से लाखों के जेवर चोरी, कैमरे में दिखे संदिग्ध

 | 
नारनाैल में बंद मकान से लाखों के जेवर चोरी, कैमरे में दिखे संदिग्ध


नारनाैल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के गांव भूषण खुर्द में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात मकान में लगे कैमरे में कैद हो गई। मकान मालिक के अनुसार, चोर घर से करीब दो लाख रुपये कीमत के आभूषण, दस हजार रुपये नकद, गैस सिलेंडर और संदूक सहित अन्य सामान ले गए। घटना के समय परिवार घर पर नहीं था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि गांव भूषण खुर्द निवासी अनिल कुमार ने शिकायत में बताया कि वह नीमराना में परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि उनके बच्चे गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। अनिल कुमार के अनुसार, 15 अक्टूबर को वह अपने मकान पर ताला लगाकर चले गए थे। इसके बाद 25 अक्टूबर को जब वह वापस लौटे तो घर में चोरी होने का पता चला।

शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर मकान से आभूषण, दस हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए। रसोई में रखा गैस सिलेंडर और संदूक भी गायब मिला। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मकान में लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग में दो संदिग्ध दिखाई देने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नारनौल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया गया, वहीं साइबर सेल को भी सूचित किया गया है। पुलिस मकान में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। मामले में जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला