home page

नारनाैल में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला

 | 
नारनाैल में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला


वनकर्मी की बाइक पर चढ़ाई जेसीबी, बाल-बाल बची जान, पुलिस ने जेसीबी कब्जे में ली

नारनाैल, 21 अगस्त (हि.स.)। नांगल चौधरी के बायल पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर शुक्रवार सुबह खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। माफियाओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुए एक फॉरेस्ट गार्ड की मोटरसाइकिल पर जेसीबी मशीन चढ़ा दी। गनीमत रही कि फॉरेस्ट गार्ड समय रहते वहां से हट गया और बाल-बाल बच गया। जेसीबी की टक्कर से उसकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार सुबह बायल पहाड़ी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। टीम को क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। गश्त के दौरान वनकर्मियों ने कुछ लोगों को पहाड़ी क्षेत्र में खनन करते देखा। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान खनन में शामिल लोगों ने वन विभाग की टीम का विरोध शुरू कर दिया। बताया गया है कि एक फॉरेस्ट गार्ड जब खनन रोकने के लिए आगे बढ़ा तो आरोपियों ने उसे निशाना बनाते हुए जेसीबी मशीन से उसकी मोटरसाइकिल को कुचल दिया। अचानक हुए हमले से वनकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को देखा तथा मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया। वन विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अवैध खनन में शामिल आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला