home page

नारनौल में नशे के खिलाफ युवाओं का हुंकार, शहर में निकली विशाल जागरूकता रैली

 | 
नारनौल में नशे के खिलाफ युवाओं का हुंकार, शहर में निकली विशाल जागरूकता रैली


विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्त हरियाणा का संकल्प

नारनाैल, 01 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशाल नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अनिरुद्ध यादव (आईएएस) ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उप जिला शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह और डीओसी कब टेकचंद यादव ने एसडीएम को संस्था का स्कार्फ और वोगल पहनाकर सम्मानित किया।

रैली को संबोधित करते हुए एसडीएम ने बुधवार काे नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि यह पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक ताने.बाने को भी कमजोर कर देता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।

इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। रैली स्थानीय लघु सचिवालय से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें स्काउट्स, गाइड्स, कब और बुलबुल के विद्यार्थियों ने ‘नशा के विरुद्ध एक जंग-हम सब का यह संकल्प’ और ‘हम सब ने यह ठाना है-हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है’ जैसे जोशीले नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस जागरूकता अभियान में राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय पटीकरा, पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुल बाजार, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल और भारती पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला