home page

नारनाैल: कनीना में मकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
नारनाैल: कनीना में मकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज

नारनाैल, 14 सितंबर (हि.स.)। कनीना पुलिस ने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कनीना निवासी संदीप और आतिश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, चार जोड़ी चांदी की पायल और दो जोड़ी चांदी की पैरों की चुटकी बरामद की हैं।

डीएसपी डॉ. कविता ने सोमवार को बताया कि कनीना पुलिस को 10 सितंबर की शाम मकान में चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रात के समय उसके घर से दो चांदी की पायल, एक सोने की चेन, चार मोबाइल फोन और आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने 11 सितंबर को दोनों आरोपियों संदीप और आतिश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सात मोबाइल फोन, चार जोड़ी चांदी की पायल और दो जोड़ी चांदी की पैरों की चुटकी बरामद की। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, शस्त्र अधिनियम और चोरी के मामले शामिल हैं। वहीं, आतिश के खिलाफ चोरी से संबंधित तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला