home page

महेंद्रगढ़ कॉलेज में एमएससी गणित व भौतिकी शुरू करने की उठी मांग

 | 
महेंद्रगढ़ कॉलेज में एमएससी गणित व भौतिकी शुरू करने की उठी मांग


विद्यार्थियों को दूसरे शहर जाने की मजबूरी खत्म करने की अपील, समिति ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

नारनाैल, 20 मार्च (हि.स.)। महेंद्रगढ़ के नागरिकों ने राजकीय महाविद्यालय में एमएससी गणित और एमएससी भौतिकी पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को श्रीविष्णु सेवा समिति महेंद्रगढ़ के प्रतिनिधियों ने कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर उच्च शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

समिति के प्रधान मनोहर लाल झुकिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्चतर शिक्षा विभाग) और महानिदेशक, उच्चतर शिक्षा विभाग पंचकूला के नाम भी प्रेषित किया गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में कॉलेज में इन स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। विशेष रूप से छात्राओं को इससे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। परिवहन, सुरक्षा और सामाजिक कारणों के चलते कई छात्राएं अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं।

समिति ने यह भी उल्लेख किया कि कॉलेज में विज्ञान संकाय के लिए अलग भवन पहले से मौजूद है। इसके अलावा हरियाणा सरकार द्वारा हाल ही में विज्ञान विषयों में नए प्राध्यापकों की नियुक्ति भी की गई है। ऐसे में आवश्यक आधारभूत संरचना और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद इन पाठ्यक्रमों का संचालन न होना चिंता का विषय है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एमएससी गणित और भौतिकी कक्षाएं शुरू की जाएं। इससे न केवल स्थानीय छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा। समिति ने विश्वास जताया कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी और विद्यार्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला