नारनाैल: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत, दूसरा गंभीर
डीजे का सामान ढकते समय हुआ हादसा, बचाने दौड़ा युवक भी करंट की चपेट में आया, गांव में मातम
नारनाैल, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव नांगतिहाड़ी में सोमवार देर रात हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि घायल युवक भी परिवार का एकमात्र सहारा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरीश सोमवार रात एक कार्यक्रम में डीजे बजाकर घर लौटा था। डीजे का सामान पिकअप वाहन में लदा हुआ था। घर पहुंचने के बाद वह सामान को बारिश और धूल से बचाने के लिए वाहन पर तिरपाल डाल रहा था। इसी दौरान तिरपाल का एक हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे हरीश तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
उसी समय खेत से लौट रहे गांव के दौलत राम और चेतराम ने हरीश को तड़पते देखा। उसे बचाने के लिए चेतराम बिना देर किए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। परिजन और ग्रामीण दोनों को तुरंत नारनौल के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चेतराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे हरीश को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार चेतराम अविवाहित था और पिता के निधन के बाद अपनी वृद्ध मां का एकमात्र सहारा था। वहीं हरीश भी पिता को पहले ही खो चुका है। वह विवाहित है और उसके एक बेटा तथा एक बेटी हैं। मंगलवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद चेतराम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

