home page

नारनौल हुआ शिवमय, निकली भव्य कलश यात्रा

 | 
नारनौल हुआ शिवमय, निकली भव्य कलश यात्रा


75वें प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष पर जिलेभर में हुए धार्मिक आयोजन

नारनाैल, 11 मई (हि.स.)। नारनौल सहित पूरे जिले में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और शिवमय वातावरण देखने को मिला। श्री सोमनाथ मंदिर के वर्तमान स्वरूप की प्राण-प्रतिष्ठा के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ धूमधाम से मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत श्रीगोपाल गौशाला स्थित श्रीश्याम मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मोडावाला मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया।

कार्यक्रम में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ तट से देशवासियों को संबोधित किया। इससे पहले नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से वर्चुअल संदेश दिया।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने स्वयं पवित्र कलश उठाकर यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद रहे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई कलश यात्रा जब मोडावाला मंदिर पहुंची तो ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विशेष प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें सोमनाथ मंदिर के ऋग्वैदिक काल से लेकर वर्तमान तक के हजार वर्षों के संघर्ष, आक्रमण और पुनरुत्थान की कहानी को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में सतयुग के स्वर्ण मंदिर से लेकर वर्तमान पाषाण मंदिर तक की यात्रा को दर्शाया गया। कैलाश महामेरु प्रासाद शैली की वास्तुकला और सरदार वल्लभभाई पटेल के संकल्पों को दर्शाने वाले चित्रों ने लोगों में राष्ट्र गौरव की भावना जगाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला