home page

नारनाैल: युवती ने पानी के टैंक में कूदकर दी जान

 | 
नारनाैल: युवती ने पानी के टैंक में कूदकर दी जान


परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न के लगाए आरोप, पुलिस ने जांच शुरू की

नारनाैल, 03 अगस्त (हि.स.)। नारनौल में सोमवार को एक नवविवाहिता ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर अपने मायके में घर के अंदर बने पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने मृतका के पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना तथा मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय मेघा की शादी 20 अप्रैल 2026 को गांव जोरासी निवासी धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। परिजनों के अनुसार रविवार को धीरज मेघा को मायके छोड़कर चला गया था। रात को मेघा अपनी बहन के साथ कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर के पानी के टैंक का ढक्कन खुला मिला। तलाश करने पर मेघा का शव टैंक के अंदर मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

मृतका की बहन रजनी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही धीरज मेघा को लगातार परेशान करता था। वहीं मृतका की मां पुष्पा ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धीरज ने दो बार 50-50 हजार रुपये की मांग की थी और उसका किसी अन्य महिला से भी संबंध था, जिससे मेघा मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पुलिस को लिखित शिकायत देकर परिजनों ने मेघा के पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला