नारनौलः कृषि और ग्रामीण विकास को समर्पित ऐतिहासिक बजटः कंवर सिंह यादव
नारनाैल, 02 मार्च (हि.स.)। महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश बजट को किसान हितैषी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा एग्री डिस्कॉम के नाम से तीसरी बिजली वितरण कंपनी बनाने का निर्णय महेंद्रगढ़ जैसे कृषि प्रधान जिलों के लिए वरदान साबित होगा, जिससे किसानों को खेती के लिए निर्बाध बिजली कनेक्शन मिल सकेंगे।
विधायक ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम सभाओं को सशक्त करने और कम से कम 300 पैक्स को लाभ में लाने का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता को नया जीवन देगा।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही श्रम एवं निर्माण समितियों को चार हजार करोड़ रुपये के सरकारी कार्य आवंटित करने से स्थानीय युवाओं और मजदूरों को सीधे तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया है कि ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड की स्थापना से पर्यावरण संरक्षण के साथ.साथ महेंद्रगढ़ के शुष्क क्षेत्रों में जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
औद्योगिक क्रांति और बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई मजबूतीः ओमप्रकाश यादव
नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट हरियाणा को औद्योगिक हब बनाने और बुनियादी ढांचे को आधुनिकतम स्तर पर ले जाने वाला है। उन्होंने नई मेक इन हरियाण नीति के तहत औद्योगिक निवेश और अनुसंधान के लिए वित्तीय प्रोत्साहन देने के फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी को 48 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति कर्मचारी करना प्रदेश के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार के द्वार खोलेगा। उन्होंने सोनीपत, हिसार और अंबाला जैसे शहरों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पांच सौ करोड़ रुपये के सक्षम फंड के गठन का भी स्वागत किया। विधायक ने कहा कि पीपीपी मॉडल पर आदर्श परीक्षा केंद्रों की स्थापना और अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी के निर्णय से समाज के हर वर्ग को आर्थिक संबल मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

