नारनौल में दमकल कर्मचारियों की हड़ताल, शहीद साथियों के परिवारों को न्याय की मांग
फरीदाबाद अग्निकांड के बाद भड़का आक्रोश, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
नारनाैल, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के नारनौल में दमकल कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दो दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं। कर्मचारी फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए अपने साथियों के परिवारों को न्याय और उचित सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की शाखा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सरकार के रवैये पर गहरा रोष जताया है।
गुरुवार को नगर परिषद परिसर में धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेशभर के नियमित और कच्चे दमकल कर्मचारी एकजुट होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद में कालकाजी लुब्रिकेंट और शिव स्टील कंपनी में लगी भीषण आग के दौरान केमिकल ड्रमों में हुए विस्फोट से एनआईटी दमकल केंद्र के कर्मचारी भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए घायल हुए और बाद में उपचार के दौरान अस्पताल में उनका निधन हो गया।
यूनियन का आरोप है कि इस दुखद घटना के बाद हरियाणा सरकार और संबंधित विभाग की ओर से न तो शहीद कर्मचारियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई। इससे प्रदेशभर के दमकल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि शहीद कर्मचारियों के परिवारों को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सम्मानजनक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

